कई देशों के विदेशी पर्यटकों पर भारत मे रोक

भारत सरकार ने कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए कई देशों के पर्यटकों के भारत आने पर रोक लगा दी है, इसके बावजूद कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। दो दिन पहले तक देश में 43 कोरोना पॉजिटिव बताए जा रहे थे, बुधवार तक यह संख्या 62 पर पहुंच गई। कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र के नए मामले सामने आने के बाद इन आंकड़ों में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक़ एक दिन में 10 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से आठ मामले केरल के हैं जबकि दिल्ली और राजस्थान के एक-एक मामले हैं। इसी बीच खबर तो यह भी आ रही है कि कर्नाटक के एक कोरोना मरीज की मौत हो गई है। हालांकि कर्नाटक के मरीज की मौत पर अब तक स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि नहीं की है। यदि यह मौत हुई है तो भारत में कोरोना से यह पहली मौत होगी। वहीं केरल में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस महिला के पति की हालत फिलहाल स्थित बताई जा रही है। दोनों हाल ही में इटली यात्रा से लौटे थे और दोनों ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। दोनों का इलाज कोट्टायम के सरकारी मेडिकल अस्पताल में चल रहा है। इससे पहले दोनों मरीज बुखार के इलाज के लिए जिस स्थानीय डॉक्टर के पास गए थे, उसे डॉक्टर को भी अभी निगरानी में रखा गया है। आपको बता दें कि दुनियाभर में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 4000 से ज़्यादा हो गई है। इस कारण से भारत ने नई एडवाइजरी जारी कर फ्रांस, जर्मनी और स्पेन से आने वाले नागरिकों पर पाबंदी लगा दी है। इन देशों से भी लोग अभी भारत नहीं आ पाएंगे। इन लोगों के अब तक जारी नियमित और ई—वीजा रद्द कर दिए गए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय जहाजों के भारत के घरेलू बंदरगाहों पर रुकने पर भी 31 मार्च तक के लिए पाबंदी लगा दी गई है। इससे पहले कई भारतीय लोगों को देश लाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ भारत ने कोरोना प्रभावित देशों से अभी तक 948 लोगों को विशेष विमानों से देश लाया है। एक ओर दुनियाभर में कोरोना का खतरा मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर देश में कई बड़े खेल टूर्नामेंट से लेकर स्थानीय स्तर के कार्यक्रम रद्द किए जा रहे हैं। इससे आर्थिक तौर पर बड़ा नुकसान होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है। जबकि पर्यटन क्षेत्र पहले ही मुश्किल में है।